Header Ads

Breaking News

मिशन इंद्रधनुषः 52 जिलों में कल से बच्चों को लगेंगे टीके



प्रदेश के 52 जिलों और आठ शहरी क्षेत्रों में आठ अक्टूबर से मिशन इंद्रधनुष अभियान के तहत दिसंबर 2018 तक 90 फीसद से अधिक बच्चों को प्रतिरक्षित करने का लक्ष्य तय किया गया है।
लखनऊ (जेएनएन)। बच्चों का टीकाकरण कर उन्हें विभिन्न बीमारियों से बचाने के लिए मुख्य सचिव राजीव कुमार ने प्रदेश के 52 जिलों और आठ शहरी क्षेत्रों में आठ अक्टूबर से मिशन इंद्रधनुष शुरू करने के निर्देश दिए हैैं। अभियान के तहत दिसंबर 2018 तक 90 फीसद से अधिक बच्चों को प्रतिरक्षित करने का लक्ष्य तय किया गया है। राष्ट्रीय स्तर पर अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आठ अक्टूबर को गुुजरात के वडनगर में करेंगे।
सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान की शुरुआत करने और इसे सफल बनाने के लिए मुख्य सचिव ने शुक्रवार को मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों और मुख्य विकास अधिकारियों को निर्देश दिए। बच्चों की अधिक मृत्युदर वाले क्षेत्रों में शुरू किए जा रहे अभियान की उन्होंने प्रत्येक स्तर पर गहन समीक्षा और अनुश्रवण करने को कहा। साथ ही सहयोगी संस्थाओं को इसके लिए जल्द निर्देश जारी करने को कहा।

जिला, तहसील व ब्लॉक के अधिकारियों को उन्होंने अभियान का नोडल अधिकारी नामित करने के निर्देश दिए। जागरूकता के लिएए प्रचार-प्रसार करने और सौ-फीसद बच्चों के टीकाकरण के प्रयास करने को कहा। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में केंद्रीय स्वास्थ्य अपर सचिव मनोज झलानी, प्रमुख सचिव स्वास्थ्य प्रशांत त्रिवेदी व मिशन निदेशक पंकज कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

यहां चलेगा अभियान
सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान प्रदेश में अलीगढ़, अंबेडकर नगर, औरैया, आजमगढ़, बहराइच, बलिया, बलरामपुर, बांदा, बाराबंकी, बस्ती, बिजनौर, बदायूंं, बुलंदशहर, चित्रकूट, देवरिया, एटा, फर्रुखाबाद, फतेहपुर, फीरोजाबाद, गाजीपुर, गोंडा, गोरखपुर, हापुड़, हरदोई, जौनपुर, कन्नौज, कासगंज, कौशांबी, कुशीनगर, लखीमपुर खीरी, ललितपुर, महाराजगंज, मैनपुरी, मथुरा, मऊ, मिर्जापुर, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, प्रतापगढ़, रायबरेली, रामपुर, सहारनपुर, संभल, संत कबीर नगर, संत रविदास नगर, शाहजहांपुर, श्रावस्ती, सिद्धार्थ नगर, सीतापुर, सोनभद्र, सुलतानपुर व उन्नाव सहित 52 जिलों और आगरा, इलाहाबाद, बरेली, गाजियाबाद, कानपुर नगर, लखनऊ, मेरठ व वाराणसी के आठ शहरी क्षेत्रों में चलेगा। 

No comments